हजारीबाग । जिले में सक्रिय राहुल दुबे गैंग को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने खुलासा किया है कि इस गैंग में महिलाएं भी शामिल हो रही हैं. पुलिस ने गैंग की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है. साथ ही गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया गया है. दोनों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है. दरअसल, कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गैंग एक फायरिंग की साजिश रच रहा था, जिसे समय रहते पुलिस ने नाकाम कर दिया. पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य बदमाश राजदीप साव और एक महिला सदस्य मुनिका कुमारी को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार कर लिया. बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि 18 जनवरी को उरीमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलियरी इलाके में राहुल दुबे और उसके सहयोगी आशीष साव के निर्देश पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बनाई गई थी. कोलियरी प्रबंधन द्वारा रंगदारी की रकम नहीं देने के कारण अपराधियों द्वारा इस घटना को अंजाम देने की साजिश रची गई थी. योजना के तहत गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिल से उरीमारी पहुंचे और कोलियरी क्षेत्र की रेकी की. शाम होने का इंतजार करने के लिए वे जंगल की ओर चले गए. इसी दौरान पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली कि उरीमारी ओपी क्षेत्र में राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं. सूचना का सत्यापन करते हुए एसआईटी टीम का गठन किया गया और एंटी क्राइम चेकिंग और छापामारी अभियान चलाया गया. छापामारी के दौरान रिलैक्स होटल के पास से गिरोह के सक्रिय सदस्य राजदीप साव को गिरफ्तार किया गया. राजदीप साव के पास से एक लोडेड पुलिस कार्बाइन, तीन जिंदा गोली, एक लोडेड देसी पिस्टल और दो जिंदा गोली बरामद की गई. कड़ाई से पूछताछ में राजदीप साव ने बताया कि गिरोह की महिला सदस्य केरेडारी थाना क्षेत्र के हेंदेगीर गांव में हथियार छुपाकर रखे हुए है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेंदेगीर गांव में छापेमारी की. पुलिस को देखकर एक युवती भागने लगी, जिसे महिला चौकीदार ने पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम मुनिका कुमारी बताया. घर की तलाशी के दौरान आलमीरा से एक लोडेड देसी पिस्टल, दो जिंदा गोली, एके-47 राइफल की पांच मैगजीन और एसएलआर राइफल की पांच मैगजीन बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *