बोकारो झारखंड के बोकारो जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गोमिया थाना क्षेत्र के कंडेर गांव के पास बीती रात हाथियों ने एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना को अंजाम दिया। हाथियों के एक झुंड ने एक चलती कार को रोककर उसमें सवार युवक को बाहर खींच लिया और बेरहमी से कुचलकर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान रविंद्र के रूप में हुई है, जो पेशे से एक सब्जी विक्रेता था। जानकारी के अनुसार, रविंद्र हर रोज की तरह रामगढ़ से सब्जी बेचकर अपनी ओमनी कार से वापस अपने गांव कंडेर लौट रहा था। जैसे ही वो सिमराबेड़ा महतो टोला के पास पहुंचा, हाथियों के झुंड ने उसे घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाथियों ने युवक को कार से बाहर घसीटा और पास के खेत में ले जाकर बुरी तरह कुचल दिया। रविंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सिमराबेड़ा के पास कुछ ग्रामीणों ने उसे जंगली हाथियों की मौजूदगी की चेतावनी देते हुए आगे न जाने की सलाह दी थी, लेकिन घर पहुंचने की जल्दी में वह नहीं रुका और इस भीषण हादसे का शिकार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *