
रांची । जिले खौफनाक घटना सामने आई है। यहां के बुढ़मू थाने के चाया गांव में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने बैठक कर मोटर पंप चोरी के कथित आरोपी विक्की नायक को पीटकर मार डाला। इस घटना को विक्की के परिजनों के सामने ही अंजाम दिया गया। वहीं एक अन्य आरोपी को हल्की पिटाई के बाद छोड़ दिया गया। बुढ़मू पुलिस ने इस मामले में सात नामजद समेत दर्जनों अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक नामजद कामेश्वर यादव को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। कामेश्वर यादव पंचायत समिति सदस्य रूही देवी का प्रतिनिधि है और रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आठ दिन पहले कामेश्वर यादव और विष्णु यादव के कुएं से मोटर पंप की चोरी हो गयी थी। चोरी के चार दिन बाद चोरों ने कामेश्वर यादव का मोटर पंप उसके कुएं के पास रख दिया, जबकि विष्णु का मोटर पंप नहीं मिला। हालांकि, दोनों ने चोरी की कोई प्राथमिकी थाने में दर्ज नहीं कराई थी। मृतक की मां भुटकी देवी ने बताया कि गुरुवार की रात कामेश्वर यादव घर में आकर बेटे विक्की पर मोटर पंप चोरी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की बैठक है वहां तुम्हारे बेटे को पंप चोरी के आरोप को स्वीकार करना होगा। शुक्रवार सुबह विक्की शौच के लिए तालाब की ओर गया था। वहीं से दो लोग बाइक पर बैठाकर उसे ले गए, जहां पंप चुराने की बात स्वीकार करने का दबाव बनाया, लेकिन विक्की ने पंप चुराने से इनकार कर दिया। इससे आक्रोशित लोगों ने उसकी लात-घूंसों से पिटाई कर दी। परिजन उसे गंभीर हालत में बुढ़मू सीएचसी ले गए, जहां से उसे रिम्स रेफर कर दिया गया, परंतु रास्ते में विक्की ने दम तोड़ दिया। विक्की की मौत के बाद उसकी मां भुटकी देवी ने सात नामजद समेत दर्जनों अज्ञात के खिलाफ बेटे की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। भुटकी देवी ने बताया कि उनके बेटे को मारनेवालों में कामेश्वर यादव, सरूला मुंडा, बबिया मुंडा, रामजीत महतो, मानव यादव, विनोद उरांव और विजय मुंडा शामिल थे। इधर, इस संबंध में बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि नामजद आरोपी कामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।


