मेदिनीनगर । पलामू जिला मुख्यालय सिटी मेदिनीनगर के मुख्य बाजार स्थित स्मार्ट लुक कपड़ा दुकान संचालक से प्रिंस खान के नाम पर मंगलवार को एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई है। भुक्तभोगी कपड़ा दुकान संचालक ने मेदिनीनगर शहर थाना में मंगलवार की शाम में प्राथमिकी कराई है। शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि कपड़ा दुकान संचालक के आवेदन के आलोक में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दी गई है। कपड़ा दुकानदार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन के अनुसार प्रिंस खान ने इंटरनेशनल नंबर से कपड़ा कारोबारी को व्हाट्सएप कॉल के साथ-साथ व्हाट्सएप मैसेज भेजा है। व्हाट्सएप मैसेज और कॉल में पलामू के एक गैंगस्टर का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह भी नहीं बचा पाएगा। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने प्रिंस खान से जुड़े हुए तीन शूटरों को कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किया था। शूटरों से कुवैत में बैठा एक व्यक्ति प्रिंस खान से संपर्क किया था। इससे पहले प्रिंस खान ने पलामू के एक सोना कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी मांगी थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान के शूटरों को गिरफ्तार करते हुए हथियार बरामद किया था। सोना कारोबारी के बाद पलामू में प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का यह दूसरा मामला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *