रामगढ़ । जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत चोकाद पंचायत के चोपादारू गांव में मंगलवार तड़के एक जंगली हाथी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सुबह अपने दैनिक कार्यों के दौरान गांव के समीप हाथी को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा। नजदीक जाकर देखने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई। हाथी की मौत की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय मुखिया एवं झारखंड वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने खोजबीन और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक विभागीय टीम के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। वन विभाग के अनुसार, जांच के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर बीमारी, आपसी संघर्ष या बिजली के करंट जैसी आशंकाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। उल्लेखनीय है कि गोला प्रखंड का यह क्षेत्र हाथियों के विचरण के लिए जाना जाता है। बीते कुछ समय से इलाके में हाथियों की आवाजाही बढ़ी हुई थी, जिससे फसलों और जान-माल को नुकसान की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं वन्यजीव प्रेमियों ने हाथी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। हाथी की रहस्यमय मौत पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के अलावा रांची स्थित वन विभाग मुख्यालय से भी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *