मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रम्पुरी इलाके में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घर में पानी गर्म करने के लिए लगाए गए इमर्शन रॉड की चपेट में आने से दो सगी बहनों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मोहल्ले में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय निधि घर में पानी गर्म कर रही थी। इसी दौरान वह गलती से इमर्शन रॉड के संपर्क में आ गई और तेज करंट की चपेट में आ गई। निधि को तड़पता देख उसकी 19 वर्षीय छोटी बहन लक्ष्मी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में दोनों बहनें बेसुध होकर गिर पड़ीं। परिवार के लोगों ने शोर सुनकर तुरंत बिजली की सप्लाई बंद की और दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घरेलू उपकरण से करंट लगना बताया जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें मिलनसार स्वभाव की थीं और घर के कामों में परिवार का हाथ बंटाती थीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *