जमशेदपुर । शहर के बिरसानगर जोन नंबर-6 में टेल्को कंपनी की बाउंड्रीवाल के अंदर जंगल में ब्राउन शुगर के अवैध धंधे को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई। इस हिंसक घटना में जुगसलाई के रहने वाले 22 साल के सोहेल अहमद की चापड़ से निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि उसके साथी अब्दुल सूफियान गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनीत नाम के युवक ने सोहेल को नशे के सौदे की बात पर जंगल में बुलाया था। सोहेल अपने दोस्त सूफियान के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। जंगल में नाले के पास बातचीत शुरू हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई और फिर खूनी संघर्ष हो गया। आरोपियों ने पीछे से चापड़ से सोहेल पर हमला किया। उसका गला रेत दिया गया और एक हाथ की हथेली काट दी गई। गंभीर चोटों से सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर खून चारों तरफ फैल गया। बीच-बचाव करने पहुंचे सूफियान पर भी हमलावरों ने चापड़ से वार किए, जिससे उसके सिर और पीठ पर गहरे घाव हो गए। हमलावर जंगल में ही भाग निकले। घायल सूफियान ने अपनी बाइक छोड़कर बाउंड्रीवाल लांघी और मुख्य सड़क पर पहुंचा। वहां से टेंपो लेकर वह साकची थाने गया और पुलिस को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सूफियान को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। सिटी डीएसपी सुनील चौधरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़ा पता चला है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना रविवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *