
बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरा गांव में सोमवार की शाम एक हृदयविदारक हादसे में वैदिक सोसाइटी की सक्रिय कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता रूबी कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने भाई के साथ धान से चावल कूटने वाली मशीन में धान डाल रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगरा गांव में बिहारी ठाकुर के ट्रैक्टर से जुड़ी धान कुटाई मशीन चालू कर ऑपरेटर मौके से चला गया था। इसी दौरान धान डालने के क्रम में रूबी कुमारी का दुपट्टा अचानक मशीन में फंस गया। दुपट्टा फंसते ही मशीन ने उसे अपनी ओर खींच लिया, जिससे उनके गले में दुपट्टा कस गया और कुछ ही क्षणों में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मशीन ऑपरेटर मौके पर मौजूद रहता और समय रहते मशीन बंद कर देता, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था। इस घटना में मशीन संचालक की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया। आनन-फानन में परिजन एवं ग्रामीण रूबी कुमारी को शाम करीब छह बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरवाडीह लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लातेहार भेज दिया। पोस्टमार्टम मनिका विधायक रामचंद्र सिंह की मौजूदगी में कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रामचंद्र सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। बताया गया कि रूबी कुमारी अपने परिवार में छह भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। वह बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर काफी सक्रिय रहती थीं और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती थीं। उनकी असामयिक मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं वैदिक सोसाइटी के सचिव चंद्रशेखर सिंह एवं जिला समन्वयक प्रेम प्रकाश ने भी रूबी कुमारी की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि एक ईमानदार और कर्मठ कार्यकर्ता को लापरवाही के कारण खोना अत्यंत दुखद है और संगठन पीड़ित परिवार के साथ हर संभव सहायता के लिए खड़ा है। पलामू बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य रविशंकर एवं पंकज कुमार ने भी घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। रविशंकर ने कहा कि रूबी कुमारी का इस तरह अचानक चले जाना समाज के लिए बड़ी क्षति है। समिति जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए पहल करेगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मंगरा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


