
चैनपुर(पलामू): चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसरिया खुर्द स्थित पोड़काही तालाब में डूबने से बसरिया गांव निवासी फणेश्वर सिंह के पुत्र आलोक कुमार सिंह 28 वर्ष की मौत सोमवार की रात्रि हो गई। वहीं दो अन्य युवकों ने किसी तरह तालाब से तैरकर अपनी जान बचाई। इस घटना के संबंध बताया जाता है कि सोमवार की शाम मृतक आलोक सिंह अपने दो दोस्तो के साथ एक ही बाइक से कहीं घूमने जा रहा था। इस बीच बाइक अनियंत्रित होकर गांव के ही पोङकाहीं तालाब में जा गिरा, जिसमें आलोक सिंह बाइक सहित तालाब के अंदर दब गया जबकि उसके साथ बाइक पर बैठे दो साथी तैरकर तालाब के बाहर निकल गए। इसके बाद तालाब से बाहर निकले युवकों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों द्वारा आलोक सिंह को तालाब से बाहर निकाला गया और उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया जहां, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद से मृतक आलोक सिंह के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान महेंद्र कुमार, विकास कुमार एमएमसीएच अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई हैं।


