रांची । समेत पूरे झारखंड में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत के संकेत नहीं हैं। उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले तीन से चार दिनों तक पारे में खास बदलाव की संभावना नहीं है। 29 दिसंबर को भी न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा, जबकि 30 दिसंबर के बाद धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इसके बावजूद सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित रहेगा। राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रांची में रविवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर और तेज रहा। कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोल्हान क्षेत्र में भी पारा 2.5 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है। खुले और ग्रामीण इलाकों में हालात शहरी क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। रांची और आसपास के इलाकों में ठंड ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मैक्लुस्कीगंज के जोभिया स्थित राणा कंट्री कॉटेज में लगे डिजिटल मीटर में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले दो दशकों में पहली बार है जब तापमान 1 डिग्री से नीचे पहुंचा है। रांची में भी रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री गिरकर 6.2 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। हालांकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी से दिन में हल्की राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *