घंटों प्लेटफॉर्म पर इंतजार, कोहरे ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानी

कोहरे की मार, हैदरनगर में घंटों लेट पहुंची ट्रेनें

हैदरनगर (पलामू):‌ घने कोहरे के चलते रेल परिचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय से काफी विलंब से ट्रेनें पहुंचने के कारण यात्री कड़ाके की ठंड में लंबे समय तक प्लेटफॉर्म पर इंतजार करने को मजबूर रहे। जानकारी के अनुसार बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन संख्या 53611 हैदरनगर रेलवे स्टेशन पर अपने तय समय सुबह 8:12 बजे के बजाय 9:45 बजे पहुंची। वहीं बरकाकाना–वाराणसी मेमू पैसेंजर ट्रेन संख्या 63557 निर्धारित समय 10 बजे की जगह दोपहर 12:33 बजे स्टेशन पर पहुंची, जिससे यात्रियों को लगभग ढाई घंटे की देरी झेलनी पड़ी। लंबे इंतजार के दौरान स्टेशन पर ठंड से बचाव की कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आई। बुजुर्ग, महिलाएं और छात्र सबसे अधिक प्रभावित दिखे। यात्रियों का कहना है कि कोहरे के मौसम में ट्रेन विलंब की समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन इसके बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से न तो समय पर सूचना दी जाती है और न ही यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाते हैं। स्थानीय यात्रियों ने मांग की है कि कोहरे के दौरान रेल परिचालन को लेकर सूचना तंत्र को बेहतर बनाया जाए, स्टेशन पर घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखा जाए तथा विलंब की स्थिति में यात्रियों के लिए प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *