
मेदिनीनगर । आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सतीश कुमार का बुधवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया. वे मेदिनीनगर के नई मुहल्ला के रहने वाले थे. पूर्व में माओवादी संगठन से जुड़ने के बाद वे मुख्यधारा की राजनीति में आए थे. सतीश कुमार ने डालटनगंज विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था. उनके निधन की सूचना से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर है. परिवारिक सूत्रों के अनुसार, सतीश कुमार को करीब चार महीने पहले पेसमेकर लगाया गया था. वे पटना अपने ससुर से मिलने गए थे. जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. परिजनों ने उन्हें तुरंत एम्स पटना में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सतीश कुमार का दाह संस्कार नई मोहल्ला स्थित उनके आवास से होगा।


