
रांची। झामुमो ने राज्य में पंचायत स्तर से लेकर तीन जिलों को छोड़कर सभी कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। केवल दुमका, धनबाद और हजारीबाग समिति को भंग नहीं किया गया है। पार्टी के महाधिवेशन की तैयारी के लिए नई टीम बनाने को लेकर ऐसा किया गया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय की ओर से जारी आदेश में यह जानकारी दी गई है। समितियों को भंग करने के साथ ही संयोजक मंडली गठित की गई है। पांडेय के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कहा गया है कि संयोजक मंडली के सदस्यों की नियुक्ति पत्र निर्गत होने के समय से ही तत्काल प्रभाव से लागू होगा। 18 जनवरी से 28 फरवरी तक झामुमो का सदस्यता अभियान चलेगा। मनोनीत संयोजकों को निर्देश दिया गया है कि वे सदस्यता अभियान युद्धस्तर पर चलाना सुनिश्चित करें। सदस्यता अभियान के सफल संचालन के लिए पार्टी के केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों व वरिष्ठ नेताओं से सहयोग-मार्गदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। जारी आदेश में कहा गया है कि व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर पार्टी हित में सदस्यता अभियान को सफल बनाना है। केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समन्वय स्थापित करते हुए अगामी 45 दिनों के अंदर अनुशंसा होगी। सभी पंचायत एवं वार्ड समितियों के गठन-पुनर्गठन के बाद प्रखंड, नगर और महानगर समितियों के गठन के लिए नामों की अनुशंसा भेजी जाएगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz
