बोकारो । झारखंड के बोकारो जिले में बीएमडबल्यू प्लांट से रंगदारी मांगने और वहां के प्रबंधक धमकी देने के मामले में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के एक गुर्गे गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी ने गैंग के निर्देश पर धमकी भरा पर्चा तैयार कर कंपनी परिसर में छोड़ा था और बाद में उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-2सी, बोकारो निवासी 37 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है। उसे डुमरी क्षेत्र के बेरमो मोड़ से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 12 मार्च को बालीडीह ओपी क्षेत्र स्थित बीएमडब्ल्यू प्लांट के प्रबंधक सुरेश कुमार सिंह ने औद्योगिक थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। बता दें कि धनबाद के वासेपुर निवासी गैंगस्टर प्रिंस खान ने पाकिस्तान में शरण ले रखी है और वहां से झारखंड के कई इलाकों में गैंग ऑपरेट कर रहा है। उसके खिलाफ इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया जा चुका है। डीएसपी ने बताया कि मामले के अनुसंधान के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस राकेश कुमार तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान के एक अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबर के संपर्क में था और उसी के निर्देश पर उसने अपने हस्तलेखन में धमकी भरा पर्चा तैयार किया था। जांच में यह भी सामने आया है कि इस कार्य के एवज में प्रिंस खान की ओर से आरोपी के दो बैंक खातों में कुल 1.50 लाख रुपए भेजे गए थे। पुलिस इस वित्तीय लेन-देन और गैंग के अन्य संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन की जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस को मोबाइल से प्रिंस खान के साथ हुई व्हाट्सएप कॉल और बातचीत के रिकॉर्ड भी प्राप्त हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *