लोहरदगा । जिला एक बार फिर खूनी वारदात से सिहर उठा है सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड ने फिर से एक बार क्षेत्र में सनसनी और डर का माहौल पैदा कर दिया है।पिछले सप्ताह ही भंडरा थाना क्षेत्र के घानामुंजी में एक युवक ने अपने मां और पत्नी की सरिया से पीट कर निर्मम हत्या कर दी थी अभी एक घटना का दर्द लोगों के दिलों से कम भी नहीं हुआ था कि भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली दूसरी हृदयविदारक घटना सामने आ गई।लगातार हो रही हत्या की घटनाओं से जिले में दहशत और चिंता का माहौल गहरा गया है।बताया जा रहा है कि सोमवार अहले सुबह भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंगरा टोली गांव में पारिवारिक विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया।जानकारी के अनुसार संदीप उरांव (35 वर्ष) ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर अपने पिता सुरेंद्र उरांव (60 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।इसके बाद उसने अपनी पत्नी सुजाता उरांव (27 वर्ष) और तीन वर्षीय मासूम बेटी रियांशी पर भी वार कर दिए।हमले में पिता और पत्नी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई,जबकि मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।तब तक दोनों की पिता और पत्नी की सांसे रुक चुकी थी और मौत हो चुकी थी दूसरी ओर खुद की ही बच्ची खून से लथपथ हालत में तड़प रही थी।इस दौरान घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बच्ची को अपनी गोद में उठाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है।प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे सेंगरा टोली गांव में मातम पसरा हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार आरोपी का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से असामान्य बताया जा रहा था।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।लगातार हो रही हत्या की घटनाओं से जिले के लोग सहमे हुए हैं।ग्रामीणों का कहना है कि आखिर रिश्तों में इतनी कटुता क्यों बढ़ती जा रही है कि अपने ही अपनों के खून के प्यासे बन रहे हैं।इस दर्दनाक घटना के बाद हर किसी की जुबान पर बस एक ही सवाल है आखिर कब थमेगी,खून की यह धार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *