चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बार फिर नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई है. यह मुठभेड़ उस वक्त हुई जब रूटुगुटू के घने जंगलों में चल रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान कोबरा 209 बटालियन के जवान गश्त पर निकले थे. जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा के आसपास लगातार सर्च अभियान चला रहे है. इसी क्रम में बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जवानों की टीम जैसे ही जंगल के भीतर आगे बढ़ी, पहले से घात लगाए बैठे माओवादियों से उनका सामना हो गया. इसके बाद दोनों ओर से तेज फायरिंग शुरू हो गई. मुठभेड़ सुबह से बीच-बीच में जारी रही, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और अतिरिक्त जवानों को भी अलर्ट पर रखा गया है. सर्च ऑपरेशन को और तेज करते हुए आसपास के जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सर्च ऑपरेशन जारी है. जवान पूरी सतर्कता के साथ स्थिति को संभाल रहे हैं. बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या के बाद से इस इलाके में गतिविधियां बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी. माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में संगठन अभी भी इस क्षेत्र में सक्रिय है और अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. सुरक्षा एजेंसियों को पहले से ही इनपुट मिले थे कि सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में माओवादी फिर से सक्रिय हो सकते हैं. मुठभेड़ ने इन आशंकाओं को और पुख्ता कर दिया है. फिलहाल पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *