
रांची। झारखंड पुलिस के लिए चुनौती बना कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार उसने राजधानी के कांके थाना क्षेत्र के एक बड़े कारोबारी को अपना निशाना बनाया है। प्रिंस खान ने कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है और रकम न देने पर अंजाम भुगतने की सीधी चेतावनी दी है। हत्याकांड दोहराने की धमकी जानकारी के अनुसार, पीड़ित बिजनेसमैन के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसमें फोन करने वाले ने खुद का परिचय प्रिंस खान के रूप में दिया। उसने धमकी देते हुए कहा कि अगर समय रहते एक करोड़ रुपये नहीं मिले, तो कारोबारी की हत्या कर दी जाएगी। गैंगस्टर ने डराने के लिए हाल ही में हुए एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हत्याकांड का हवाला दिया है, जिससे पीड़ित का परिवार बेहद डरा हुआ है। पुलिस एक्शन मोड में मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने पुष्टि की है कि रंगदारी मांगे जाने की शिकायत पर कांके थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टेक्निकल सेल उस नंबर को ट्रेस कर रही है जिससे धमकी भरा कॉल आया था। पुराना खूनी इतिहास बता दें कि बीते 7 मार्च को प्रिंस खान के गुर्गों ने एयरपोर्ट इलाके के एक होटल में घुसकर संचालक के भाई मनीष कुमार गोप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस ने उस मामले में कई गिरफ्तारियां की हैं, लेकिन अब कांके में मिली नई धमकी ने पुलिसिया सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में कई वीआईपी और हाई-प्रोफाइल कनेक्शन की भी चर्चा है, जिसकी पुलिस गहन जांच कर रही है।


