उत्तराखंड । उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आई है. भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में कई लोगों की जान गई और कई घायल हुए हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा भिकियासैंण–विनायक–जालली मोटर मार्ग पर शिलापनी के पास हुआ. बस भिकियासैंण से रामनगर जा रही थी और सुबह करीब 6 बजे द्वाराहाट से निकली थी. रास्ते में बस अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 6 से 7 लोगों की मौत हो गई है. बस में कुल 12 यात्री सवार थे. कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें भिकियासैंण के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और आशंका जताई जा रही है कि बस के अंदर अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं. जिला प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं. घटना स्थल जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर है. आपदा अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि राहत-बचाव कार्य में तेजी लाई जा रही है और घायलों को तुरंत इलाज मुहैया कराया जा रहा है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *